लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा है कि लोकसभा उपचुनाव में विपक्ष फिर चारों खाने चित होगा। देश का जनमानस भाजपा के साथ है। गुजरात निकाय चुनाव में जनता ने विपक्ष को फिर एक बार नकार कर मोदी के नेतृत्व में आगे जाने का संकल्प दोहरा दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि मोदी सरकार को जनता के हित में काम करते हुए 4 वर्ष पूरे हो चुके है और इन वर्षो में लगातार देश की जनता का विश्वास मोदी के नेतृत्व में दृढ होता जा रहा है। गांव,गरीब,किसान,युवा, मजदूर एवं युवाओं के हित में चलाई गई लोक कल्याणकारी योजनाएं अपनी दमक से जहां जन-जन का विश्वास जीतने में सफल रही हैं वहीं न्यू इण्डिया की मजबूत नींव भी पड़ रही है। इसी में एक सुखद संयोग योगी सरकार का गठन भी रहा।
योगी सरकार औद्योगिक पिछ़डेपन से जूझ रहे उत्तर प्रदेश को एक औद्योगिक प्रदेश बनाने की दिशा में भरपूर प्रयास कर रही है, वहीं किसान एंव नौजवान के हित में चलाई गई अनेक लोक कल्याणकारी योजनाओं से आर्थिक आजादी का मार्ग प्रशस्त हो रहा है, जिससे श्रेष्ठ यूपी की मजबूत आधारशिला भी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का फिर एक बार बिगुल बजा है। गोरखपुर और फूलपुर में भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन में उमड़ा जनसैलाब भाजपा को विजयी आशीर्वाद है। मुद्दाविहीन विपक्ष के पास विकास का न विजन है न लोककल्याण की नीतियां। मोदी और योगी की जनकल्याणकारी नीतियों से भाजपा उपचुनावों में विजयी परचम फहराएगी। संगठन पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में है, बूथ स्तर तक भाजपा कार्यकर्ता विजय के वरण के लिए जुट चुके हैं । गुजरात निकाय चुनाव में जीत की गूंज, यूपी उपचुनाव में और भी तेज होगी।